Home » उत्तराखंड » हरियाली का संकल्प: जग्गी बंगर में फलदार पौधों से महका पर्यावरण संरक्षण अभियान”

हरियाली का संकल्प: जग्गी बंगर में फलदार पौधों से महका पर्यावरण संरक्षण अभियान”

“हरियाली का संकल्प: जग्गी बंगर में फलदार पौधों से महका पर्यावरण संरक्षण अभियान”
हल्दूचौड़/जग्गी बंगर। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत जग्गी बंगर में शनिवार को भव्य वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण बचाने का सामूहिक संकल्प लेते हुए ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भुवन सिंह पवार ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उप-प्रधान कपिल राणा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट (देबू भाई) तथा रवि मेहरा सहित ग्राम सभा के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए आंवला, नींबू, माल्टा, अमरूद, कटहल और करोंदा जैसे विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव है।
मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भुवन सिंह पवार ने सभी ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल करने और गांव को हरा-भरा बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया और ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “हर घर एक पौधा, हर हाथ हरियाली” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

चीफ एडिटर राहुल दुमका

zubaantak24x7
Author: zubaantak24x7

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This