लालकुआं-काशीपुर रेल मार्ग पर बारिश का कहर, ट्रैक पर भरा पानी-मलबा; रेल संचालन ठप
लालकुआं। नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से जारी भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं लालकुआं-काशीपुर रेल मार्ग पर भारी मात्रा में पानी और मलबा आ जाने से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
भारी बारिश के कारण रेल पटरियां पानी में डूब गईं और ट्रैक पर जगह-जगह मलबा जमा हो गया। स्थिति को देखते हुए लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। काशीपुर से लालकुआं आने वाली ट्रेन को भी निरस्त कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रैक पर पानी और मलबा आने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे कार्मिकों द्वारा ट्रैक से मलबा हटाने और रेल मार्ग को सुरक्षित बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात बहाल किया जा सके।
भारी बारिश के कारण रेल ट्रैक पर पैदा हुई स्थिति ने एक बार फिर मानसून के दौरान रेलवे मार्गों की सुरक्षा को लेकर चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल रेल संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

चीफ एडिटर राहुल दुमका

zubaantak24x7
Author: zubaantak24x7

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This