???? जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने किया औचक निरीक्षण, दो दिन में दुरुस्त होगी जलापूर्ति
हल्दूचौड़। ग्राम सभा जग्गीबंगर में आज जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने अचानक पहुंचकर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भुवन पवार के साथ जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई जा रही पेयजल लाइनों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ने कहा कि उन्हें ग्राम प्रधान द्वारा यह जानकारी दी गई कि दुमका बंगर क्षेत्र में कई जगह जलापूर्ति बाधित है। मौके पर ही उन्होंने ठेकेदार के प्रतिनिधि को तलब करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर जग्गीबंगर ग्रामसभा के सभी हिस्सों में पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि भुवन पवार, कपिल राणा, योगेश दुमका, जल संस्थान के सहायक अभियंता ललित सिंह ऐठानी तथा जल जीवन मिशन के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र सिंह धामी भी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता के निरीक्षण को सराहा और उम्मीद जताई कि अब क्षेत्र में जल्द ही जल संकट से राहत मिलेगी।
चीफ एडिटर राहुल दुमका







