लालकुआं अपडेट: मंदिरों पर चोरों का कहर!
अवंतिका देवी मंदिर से एक किलो चांदी और नकदी उड़ाई, क्षेत्रवासियों में आक्रोश
लालकुआं।
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात अज्ञात चोरों ने नगर के प्रसिद्ध अवंतिका देवी मंदिर को निशाना बनाकर पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ा दी।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर कई दानपात्र तोड़े और उनमें रखी हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यही नहीं, मंदिर से करीब एक किलो चांदी और पुजारी के पास रखे 20 हजार रुपये नकद भी चोर ले उड़े। सुबह घटना का पता चलते ही श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अब चोरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
दो दिन में दूसरी वारदात
महज दो दिन पहले मोटाहल्दू स्थित शिव मंदिर में भी चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही मंदिरों में चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रवासियों में रोष, आंदोलन की चेतावनी
लालकुआं नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पवार ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर पुलिस जल्द इस चोरी का खुलासा नहीं करती तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
चीफ एडिटर राहुल दुमका







