कुमाऊँ यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की बिगुल, 27 सितम्बर को छात्र शक्ति दिखाएगी दम
नैनीताल – लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र राजनीति के सबसे बड़े पर्व की तारीख़ का ऐलान कर दिया है। कुमाऊँ विश्वविद्यालय समेत प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव 27 सितम्बर 2025 को होंगे।
कैसे तय हुई तारीख?
दरअसल, कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा जारी अकादमिक कैलेंडर में पहले ही साफ था कि चुनाव सितम्बर माह में कराए जाएंगे। इसी क्रम में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपतियों की सामूहिक बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से 27 सितम्बर 2025 को मतदान की तिथि तय की गई।
नैनीताल कैंपस और सभी कॉलेजों में एक साथ चुनाव
कुलपतियों के फैसले के बाद परिसर निदेशक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, चीफ़ प्रॉक्टर और कुलसचिव ने भी मुहर लगाते हुए यह ऐलान किया कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल परिसर एवं सभी संबद्ध महाविद्यालयों में चुनाव इसी तिथि को होंगे।
युवाओं का लोकतंत्र पर्व
छात्र संघ चुनाव हमेशा से ही प्रदेश की राजनीति की नर्सरी माने जाते हैं। यहां से निकलने वाले छात्र नेता आगे चलकर राज्य और देश की सियासत में अपनी पहचान बनाते हैं। यही कारण है कि छात्र संगठनों से लेकर स्थानीय राजनेताओं तक की निगाहें अब 27 सितम्बर पर टिकी हैं।
कैंपस में गहमागहमी तेज
चुनाव तिथि की घोषणा के साथ ही अब विश्वविद्यालयों के गलियारों में राजनीतिक चर्चाओं और जोड़-तोड़ का दौर तेज होने लगा है। छात्र संगठनों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पोस्टर, नारेबाजी और जनसंपर्क अभियान की गूंज जल्द ही कैंपस में सुनाई देने लगेगी।
चीफ एडिटर राहुल दुमका







