Home » अपराध » काशीपुर में सनसनी: छात्र ने टीचर को लंच बॉक्स में छिपाकर लाई पिस्तौल से मारी गोली

काशीपुर में सनसनी: छात्र ने टीचर को लंच बॉक्स में छिपाकर लाई पिस्तौल से मारी गोली

काशीपुर में सनसनी: छात्र ने टीचर को लंच बॉक्स में छिपाकर लाई पिस्तौल से मारी गोली

काशीपुर (उधम सिंह नगर) – उत्तराखंड के काशीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कक्षा 9 के छात्र ने अपने ही फिजिक्स टीचर को गोली मार दी। हैरानी की बात यह है कि छात्र हथियार को लंच बॉक्स में छिपाकर स्कूल लेकर आया था।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की है। बुधवार को लंच ब्रेक के दौरान छात्र ने अचानक अपनी क्लास में मौजूद भौतिक विज्ञान के शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली (40) पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे टीचर के दाएं कंधे के नीचे जा लगी। घायल शिक्षक को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दो दिन पुरानी रंजिश बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ दो दिन पुरानी है। दरअसल, क्लास में सवाल का जवाब न दे पाने पर टीचर ने छात्र को डांटा और थप्पड़ जड़ दिया था। इसी अपमान से बौखलाए छात्र ने बदला लेने की ठान ली और घर से तमंचा उठाकर टिफिन में रख लिया। बुधवार को उसने मौका मिलते ही गोली चला दी।

छात्र हिरासत में, पिता पर भी शक की सुई

घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत छात्र को पकड़कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में छात्र ने कबूल किया कि उसने तमंचा घर की अलमारी से निकाला था।

मामला यहीं तक सीमित नहीं है। आरोपी छात्र के पिता के आपराधिक कनेक्शन भी सामने आ रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पिता पर पहले भी हत्या के प्रयास और सड़क हादसे जैसे गंभीर केस दर्ज हैं। घटना के बाद वे फरार हो गए थे, हालांकि बाद में लौटने पर पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

स्कूल-कॉलेजों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे एक नाबालिग छात्र बिना किसी रोक-टोक के स्कूल में हथियार लेकर पहुंच गया?

स्थानीय लोग इस घटना से हैरान और चिंतित हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को अब स्कूलों में सुरक्षा जांच और काउंसलिंग सिस्टम को सख्ती से लागू करना होगा, वरना ऐसी घटनाएं बच्चों के भविष्य और समाज दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं।

चीफ एडिटर राहुल दुमका

zubaantak24x7
Author: zubaantak24x7

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

How to Make a News Portal

Recent Post