पहले मां अस्पताल में अब बेटे की मौत बिखर गया पूरा परिवार सड़क हादसे में गवां दी जान
हादसे ने पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र को गमगीन कर दिया, लोग बोले – कब सुधरेगी रामपुर रोड की रफ्तार?
हल्द्वानी। संवाददाता
मंगलवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड पर हुई एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बिंदुखत्ता शांतिनगर निवासी 39 वर्षीय जगमोहन सूंठा पुत्र देवीदत्त सूंठा की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। महज कुछ मिनटों में एक हंसता-खेलता घर उजड़ गया और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
दवा लेने गए थे अस्पताल, मौत बनकर आया ट्रक
जानकारी के मुताबिक जगमोहन अपनी मां देवकी देवी के लिए दवा लेने सुशीला तिवारी अस्पताल गए थे। मां पहले से ही रीढ़ की चोट के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। दवा लेकर जब वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रामपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 10 टायरा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद जगमोहन ट्रक के नीचे आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने ट्रक नहीं रोका और उन्हें बाइक समेत काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मातम में डूबा परिवार, मासूम बच्चों पर टूटा दुख का पहाड़
जगमोहन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। एक ओर मां अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी से जूझ रही हैं, वहीं दूसरी ओर घर पर पत्नी और बच्चे असहनीय पीड़ा में हैं। दोहरी मुसीबत से टूटा यह परिवार पूरे क्षेत्र के लोगों की आंखें नम कर गया।
रामपुर रोड बना मौत का जाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर रोड पर आए दिन तेज रफ्तार और भारी वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं। लेकिन प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर चुप है। क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया –
👉 “क्या किसी की जान जाने के बाद ही ट्रैफिक सिस्टम सुधरेगा?”
👉 “आखिर कब लगेगी बेलगाम ट्रकों की रफ्तार पर लगाम?”
पुलिस की कार्रवाई
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
चीफ एडिटर राहुल दुमका







