रामनगर: धनगढ़ी नाले पर दर्दनाक हादसा – स्कूल जाते दो शिक्षकों की मौत, चार घायल
रामनगर (नैनीताल) – बारिश से उफनते धनगढ़ी नाले पर सोमवार सुबह एक ऐसा मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सुबह करीब 8 बजे, राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर बरसाती पानी का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे छह लोगों को पीछे से आई एक तेज रफ्तार बस ने रौंद डाला। देखते ही देखते खुशियों से भरी सुबह मातम में बदल गई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिंह पंवार (53 वर्ष) और वीरेंद्र शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही शिक्षक थे और रोज की तरह घर से स्कूल जाने निकले थे।
- सुरेंद्र सिंह – गंगोत्री विहार, रामनगर निवासी
- वीरेंद्र शर्मा – मानिला विहार, चोरपानी निवासी
दोनों हरणा सल्ट में शिक्षक के पद पर तैनात थे और शिक्षा के प्रति अपनी निष्ठा के लिए जाने जाते थे।
घायलों में: ललित पांडे, सत्य प्रकाश, दीपक शाह और सुनील राज शामिल हैं, जिनमें से तीन भी शिक्षक बताए जा रहे हैं। फिलहाल सभी को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों की आंखों से देखा भयावह दृश्य
चश्मदीदों के मुताबिक, नाले के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लगी थीं। पानी का बहाव धीमा होने का इंतजार किया जा रहा था, तभी पीछे से आती एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे लोगों के ऊपर चढ़ गई। प्राथमिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में गुस्सा – “हर साल बरसात में खतरा, लेकिन समाधान शून्य”
हादसे के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि धनगढ़ी नाला बरसात में हर साल मौत का जाल बन जाता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल पुख्ता सुरक्षा इंतज़ाम की मांग की है।
चीफ एडिटर राहुल दुमका







