हेडलाइन:
गरीब बच्चों के लिए ग्राफिक एरा का बड़ा कदम: 1 साल का होटल मैनेजमेंट कोर्स, फाइव स्टार होटल में ट्रेनिंग का मौका
देहरादून/हल्द्वानी।
Graphic Era University के संस्थापक एवं अध्यक्ष Prof. Kamal Ghanshala ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए संस्थान एक वर्ष का होटल मैनेजमेंट सर्टिफिकेशन कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स देहरादून और हल्द्वानी कैंपस में संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कोर्स के तहत छात्रों को एक साल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें फाइव स्टार होटलों में छह महीने की विशेष ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा। प्रो. घनशाला ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ग्राफिक एरा से बीएससी फिजिक्स ऑनर्स की छात्रा कोमल नेगी ने UPSC Civil Services Examination उत्तीर्ण कर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि कोमल नेगी एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं और बिना किसी कोचिंग के अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
इसके अलावा संस्थान की एक अन्य छात्रा कृतिका नेगी का चयन Indian Engineering Services Examination में हुआ है, जिसे उन्होंने पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात बताया।
प्रो. घनशाला ने कहा कि इन उपलब्धियों को देखते हुए अब ग्राफिक एरा अपने कैंपस में ही यूपीएससी की तैयारी के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम भी शुरू करने की योजना बना रहा है, ताकि छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण लेने वाले छात्र अपने गांवों में हाइजीनिक और प्रोफेशनल तरीके से होमस्टे शुरू कर सकते हैं। संस्थान उन्हें होमस्टे के संचालन और उसके राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार के तरीके भी सिखाएगा।
प्रो. घनशाला ने बताया कि संस्थान में कॉमर्स, बीए ऑनर्स, कंप्यूटर साइंस, बीएससी, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, बायोटेक्नोलॉजी सहित कई अन्य कोर्स संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा देहरादून कैंपस में एमबीबीएस प्रोग्राम भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर है लेकिन पढ़ाई में मेधावी है, तो संस्थान उसे चयनित कर उसकी पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए भी तैयार है।
प्रो. घनशाला ने जानकारी दी कि जुलाई से नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
चीफ एडिटर राहुल दुमका






