सुबह-सुबह डोली धरती: बागेश्वर में भूकंप के झटकों से दहशत, कपकोट रहा केंद्र
बागेश्वर।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर धरती के हिलने से लोगों की धड़कनें तेज़ हो गईं। शुक्रवार सुबह बागेश्वर जिले और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह आए इन झटकों के कारण कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनएससी) के अनुसार, भूकंप सुबह 07:48:37 बजे आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जिले में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
मामले की पुष्टि करते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप हल्की श्रेणी का था। उन्होंने कहा कि जिले की किसी भी तहसील या गांव से अब तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, ऐसे में बार-बार आने वाले भूकंप लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
एडिटर – राहुल दुमका






