पीरूमदारा।
टांडा मल्लू क्षेत्र में एक परिवार की शादी की खुशियां चोरों की करतूत ने मातम में बदल दीं। रिश्तेदार की शादी में नकली आभूषण पहनकर गई महिलाओं के घर पीछे चोरों ने मौका पाकर अलमारी में रखे लाखों के असली गहने और 30 हजार नकद साफ कर दिए। घर लौटकर टूटा ताला और बिखरा सामान देख परिवार के होश उड़ गए।
टांडा मल्लू निवासी रमेश चंद्र सुयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार को परिवार के साथ अपने साले गौरव जोशी की शादी में शामिल होने गए थे। घर के अंदर–बाहर दोनों जगह ताला लगाकर वे शादी में शामिल हुए थे। गुरुवार सुबह जब वह बेटे के साथ घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर पता चला कि चोरों ने दूसरे दरवाजे का कुंडा उखाड़कर पूरा घर खंगाल दिया।
परिवार की महिलाओं ने शादी में नकली गहने पहने थे, जबकि असली जेवर अलमारी में सुरक्षित रखे थे—लेकिन चोरों ने वही निशाना बना लिए। अलमारी का लॉक तोड़कर सोने के जेवर और नकदी ले उड़े।
पीरूमदारा चौकी पुलिस की सक्रियता पर सवाल
घटना ने चौकी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की गश्त बेहद ढीली है, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।
चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
चोरों ने घर को खंगाला, मिठाई तक खा गए
रमेश सुयाल ने बताया कि चोर न सिर्फ जेवर और नकदी ले गए बल्कि पूरा घर खंगाल डाला।
फ्रीज में रखी मिठाई तक खाकर चले गए। इसके अलावा शादी के लिए लाए गए कंबल, नए सूट, और यहां तक कि बेटे की पॉलीटेक्निक की किताबें भी उठा ले गए।
रमेश सुयाल ढिकुली स्थित एक होटल में नौकरी करते हैं, जबकि उनका बेटा पॉलीटेक्निक का छात्र है। परिवार ने बताया कि घर आबादी से सटा हुआ है, फिर भी इतनी बड़ी चोरी का हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
चीफ एडिटर राहुल दुमका






